चंडीगढ़ , नवंबर 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा, पंजाब की पहली प्रदेश कार्यकारिणी बैठक सोमवारको चंडीगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष लखविंदर सिंह मोमी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बंसी लाल गुर्जर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मान, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. शंभू कुमार और भाजपा पंजाब के संगठन महामंत्री मंत्री श्रीनिवासुलु सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में संगठन के विस्तार, किसानों से जुड़े मुद्दों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बंसी लाल गुर्जर ने किसानों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने पंजाब सरकार की किसान संबंधी मुद्दों पर कथित विफलताओं और डीएपी तथा यूरिया खाद की कालाबाजारी के आरोपों को लेकर आलोचना की।
श्री मोमी ने कहा कि किसान मोर्चा पंजाब के प्रत्येक गांव में संगठन को मजबूत करेगा और किसानों के अधिकारों के लिए आवाज उठाएगा। किसानों की समस्याओं का समाधान तथा केंद्र सरकार की किसान कल्याण योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना मोर्चा की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पंजाब में 80 प्रतिशत मंडल टीमों का गठन पूरा हो चुका है और शेष टीमों का गठन भी जल्द कर लिया जाएगा। बैठक में नशामुक्त पंजाब के संकल्प को लेकर तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित