चंडीगढ़ , जुलाई 03 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य में एल्डरलाइन 14567 सेवा कोऔर प्रभावी बनाया है।

डॉ कौर ने बताया कि एल्डरलाइन 14567 राज्य में बुजुर्गों के लिए एक भरोसेमंद सहायता सेवा बनकर उभरी है। अब तक इस हेल्पलाइन पर 2.5 लाख से अधिक कॉलों का समाधान किया जा चुका है। इसके माध्यम से 91 बेसहारा वरिष्ठ नागरिकों को बचाकर उनके परिवारों से मिलाया गया, जबकि बुजुर्गों के उत्पीड़न और भरण-पोषण से जुड़े 1,000 से अधिक मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया है।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। एल्डरलाइन केवल एक हेल्पलाइन नहीं, बल्कि जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों के लिए भरोसे, मार्गदर्शन और त्वरित सहायता का माध्यम है। उन्होंने बताया कि पंजाब में यह हेल्पलाइन सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, हेल्पएज इंडिया और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डिफेंस (एनआईएसडी) के सहयोग से संचालित की जा रही है। यह टोल-फ्री सेवा सप्ताह के सातों दिन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक उपलब्ध रहती है, जहां प्रशिक्षित कर्मी वरिष्ठ नागरिकों को तत्काल सहायता और उचित मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

डॉ कौर ने बताया कि हेल्पलाइन के माध्यम से बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन और अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, परामर्श, कानूनी सहायता, बेसहारा वरिष्ठ नागरिकों के बचाव एवं पुनर्वास, तथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत गठित जिला ट्रिब्यूनलों के माध्यम से उत्पीड़न, उपेक्षा और भरण-पोषण संबंधी मामलों में सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिजनों से अपील की कि आवश्यकता पड़ने पर वे बिना किसी संकोच के टोल-फ्री हेल्पलाइन 14567 पर संपर्क करें। पंजाब सरकार ऐसा संवेदनशील और समावेशी समाज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां हर बुजुर्ग सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के साथ जीवन व्यतीत कर सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित