अमृतसर , फरवरी 21 -- पंजाब में अमृतसर देहात के थाना व्यास के अधीन आने वाली पुलिस चौकी रइया को आतंकवादियों ने शुक्रवार की देर रात विस्फोटकों से उड़ाने का प्रयास किया, लेकिन किसी तरह इसकी भनक लग जाने के बाद पुलिस ने विस्फोटक बरामद कर लिया और आतंकवादियों के मंसूबे पर पानी फेर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शनिवार तड़के बम निरोध दस्ते को बुलाकर विस्फोटक को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया। उन्होंने कहा कि समय रहते की गयी इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया है। पुलिस द्वारा इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं। शनिवार सुबह तक मामले को लेकर आरोपियों का पता नहीं लग सका है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि अमृतसर में पुलिस चौकी को उड़ाने की साजिश पंजाब में लगातार बिगड़ती सुरक्षा स्थिति का गंभीर संकेत है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि सीमावर्ती राज्य में आतंकवादी इतनी आसानी से पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की हिम्मत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा कर्मियों के जांबाज जवानों की तत्परता से एक बड़ी त्रासदी टल गयी, लेकिन मान सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसी विस्फोटक सामग्री शहर के भीतर तक कैसे पहुंची। क्या खुफिया तंत्र निष्क्रिय है या मान सरकार की प्राथमिकताएं कुछ और हैं?श्री चुघ ने कहा कि पिछले चार वर्षों में पंजाब की कानून-व्यवस्था लगातार गिरावट की ओर गयी है। गैंगवार की घटनाएं, जेलों के भीतर से आपराधिक गतिविधियों का संचालन, ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थ की आपूर्ति, तथा सीमापार से सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क-ये सभी घटनाएं दर्शाती हैं कि राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ी है। सरकार की ढिलाई ने असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ाये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित