चंडीगढ़ , सितंबर 03 -- पंजाब राज्य खाद्य आयोग (पीएसएफसी) ने सात सितंबर को महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एमजीएसआईपीए) में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) सुधार और पोषण से संबंधित दो सेमिनार आयोजित करने का फैसला किया है।
आयोग के चेयरमैन बल मुकंद शर्मा ने गुरुवार को बताया कि पहले सेमिनार का विषय 'सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सुधार, पारदर्शिता, तकनीक और पोर्टेबिलिटी' होगा, जबकि दूसरे सेमिनार में सरकारी प्रायोजित खाद्य योजनाओं में पोषण को बढ़ावा देने के विषय पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि आठ सितंबर को एमजीएसआईपीए के सभागार में पहला सेमिनार-कम-अवार्ड समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पंजाब राज्य खाद्य आयोग और पंजाब ट्रेड प्रमोशन काउंसिल की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा।
एक दिवसीय समारोह में नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, एमएसएमई, स्टार्टअप और संस्थागत हितधारकों को एक मंच पर लाकर खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। श्री शर्मा ने कहा कि समारोह में राज्य के स्टार्टअप इकोसिस्टम, उद्यमों को सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026 और पंजाब फूड प्रोसेसिंग पॉलिसी-2026 के तहत मिलने वाले वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग पर भी विशेष चर्चा होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित