चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने फिरोजपुर जिले के मामदोट में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों के आवंटन में कथित रिश्वतखोरी और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
श्री शर्मा ने गुरुवार को कहा कि जरूरतमंद परिवारों के मकान कथित तौर पर रिश्वत लेकर आवंटित किये जाने के आरोप गंभीर हैं और राज्य सरकार को पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 400 जरूरतमंद परिवारों की सूची में से 33 मकान स्वीकृत हुए, जिनमें से कथित तौर पर केवल दो जरूरतमंदों को मिले, जबकि 31 मकान ऐसे प्रभावशाली लोगों को आवंटित किये गये, जिनके पास 50 से 200 एकड़ तक जमीन होने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों पर रिश्वत लेने के आरोप जांच में सही पाये जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही सभी लाभार्थियों की पात्रता की दोबारा जांच कराने और मकानों के लिए आवेदन करने वाले 367 गरीब परिवारों के दावों का नये सिरे से सत्यापन करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित