चंडीगढ़ , अक्टूबर 24 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में पराली जलाने और दिल्ली में धुंध के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राज्य और किसानों को बदनाम करने का आरोप लगाया है।
राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और आप के प्रदेश मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने शनिवार को कहा कि भाजपा नेताओं की ओर से किसानों के खिलाफ मामले दर्ज करने की मांग करना उनकी किसान विरोधी सोच को दर्शाता है।
श्री चीमा ने कहा कि राज्य सरकार पिछले पांच वर्षों से किसानों को पराली प्रबंधन के लिए मशीनें उपलब्ध कराने और जागरूकता अभियान चलाने पर काम कर रही है। इन प्रयासों से राज्य में पराली जलाने की घटनाओं में काफी कमी आयी है। कहीं छिटपुट घटना होने पर पूरे पंजाब में बड़े पैमाने पर पराली जलाने की तस्वीर पेश करना उचित नहीं है।
उन्होंने भाजपा नेता एवं दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा सहित अन्य भाजपा नेताओं से पंजाब पर आरोप लगाने के बजाय हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे पड़ोसी राज्यों में पराली प्रबंधन की स्थिति पर ध्यान देने को कहा।
श्री पन्नू ने आरोप लगाया कि धान की कटाई में तेजी आने से पहले ही भाजपा नेताओं ने पंजाब से धुआं दिल्ली पहुंचने का मुद्दा उठाकर विवाद खड़ा करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि हालिया बारिश के कारण कटाई में देरी हुई है और अभी इस प्रक्रिया ने पूरी गति नहीं पकड़ी है। उन्होंने सवाल किया कि यदि पंजाब में बड़े पैमाने पर आग लगने की घटनाएं नहीं हो रही हैं, तो दिल्ली में धुएं को लेकर दावे किस आधार पर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष पराली जलाने की घटनाओं में 80 प्रतिशत तक कमी आने की बात संसद में भी सामने आयी थी।
आप नेता ने दावा किया कि पंजाब सरकार किसानों को पराली प्रबंधन के लिए 800 करोड़ रुपये से अधिक की मशीनें उपलब्ध करा चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों को दंडित करने की मांग करने के बजाय उन्हें व्यावहारिक समाधान और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
श्री पन्नू ने भाजपा से पंजाब को नशेड़ियों और प्रदूषण फैलाने वाले राज्य के रूप में पेश करना बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान देश की खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं और उनके योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित