चंडीगढ़ , अक्टूबर 13 -- शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं को ही सुरक्षा दी जा रही है, जबकि नशों के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोग असुरक्षित हैं।
अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता एडवोकेट अर्शदीप सिंह क्लेर ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का हवाला देते हुए कहा कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार अपने नेताओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित है, जबकि नशा विरोधी अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने आप नेताओं पर नशा कारोबार से जुड़े लोगों को संरक्षण देने के आरोप भी लगाये।
उन्होंने दावा किया कि परविंदर सिंह झोटा मानसा क्षेत्र में नशों के खिलाफ सक्रिय थे। उन्होंने आरोप लगाया कि गोली मारने से पहले हमलावर ने किसी व्यक्ति से फोन पर बात की थी। उन्होंने इस मामले में मानसा के आप विधायक डॉ. विजय सिंगला का नाम लेते हुए भी आरोप लगाये।
श्री क्लेर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आलोचना बर्दाश्त नहीं करने का आरोप लगाया और मोहंजीत सिंह शेरों के साथ कथित मारपीट का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अकाली दल परविंदर झोटा के परिवार के साथ खड़ा रहेगा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रयास करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित