बटाला , अक्टूबर 01 -- पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बटाला की अनाज मंडी से बृहस्पतिवार को धान की सरकारी खरीद शुरू कराई। उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जाएगी।

श्री कटारूचक ने बताया कि धान के 2026-27 खरीद सीजन के लिए राज्य को 180 लाख टन खरीद का लक्ष्य मिला है। राज्य सरकार किसानों से धान 2,461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदेगी। खरीद कार्य के लिए अब तक 1,887 मंडियां अधिसूचित की गयी हैं और जरूरत के अनुसार अन्य मंडियां भी शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि खरीद सीजन शुरू होने से पहले पंजाब के लिए अक्टूबर माह के लिए 42,786.68 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा (सीसीएल) मंजूर हुई है। इससे सरकार द्वारा खरीदे जाने वाले धान का किसानों को समय पर और निर्बाध भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि मंडियों में धान की पैकिंग के लिए आवश्यक बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मंडियों में अनलोडिंग और पैकिंग का काम करने वाले मजदूरों के लिए पेयजल समेत आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है।

श्री कटारूचक ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में सूखा धान ही लेकर आयें, ताकि खरीद के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने आढ़तियों और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

श्री कटारूचक ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले नौ खरीद सीजन में फसलों की खरीद सफलतापूर्वक पूरी की है और मौजूदा सीजन को भी सुचारू रूप से पूरा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित