अमृतसर , मई 06 -- ) अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बुधवार को कहा कि जालंधर में हुए धमाके के कुछ घंटों बाद श्री अमृतसर साहिब के आर्मी कैंट क्षेत्र के पास धमाके जैसी घटना की खबरों ने पंजाब में एक बार फिर डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
श्री औजला ने इन घटनाओं को बेहद गंभीर बताते हुए राज्य की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा करार दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि कुछ असामाजिक और राष्ट्रविरोधी तत्व पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब की सुरक्षा बेहद संवेदनशील विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना केंद्र और पंजाब सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि दोनों सरकारों के बीच जारी राजनीतिक खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप का असर जमीनी स्तर पर कानून व्यवस्था पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में पहले से ही कानून-व्यवस्था चिंता का विषय बनी हुई है। राज्य में ग्रेनेड हमले, फायरिंग और रंगदारी की धमकियों जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। सीमा क्षेत्रों में स्थिति और भी चिंताजनक है, जहां व्यापारी और स्थानीय लोग लगातार धमकी भरे फोन कॉल प्राप्त कर रहे हैं, जबकि प्रशासन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है।
सांसद ने कहा कि धार्मिक स्थलों, सरकारी दफ्तरों और प्रशासनिक संस्थानों को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई बड़ा खुलासा नहीं हुआ है। इससे लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से निष्पक्ष और गहन जांच करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके। उन्होंने मांग की कि आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित