चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- पंजाब और चंडीगढ़ में 31 जुलाई से तीन अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पठानकोट गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, तरनतारन, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में भी भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार राज्य के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि मध्य प्रदेश और विदर्भ के ऊपर बने निम्न दबाव से फिलहाल महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में बारिश हो रही है। इसके प्रभाव से मानसून ट्रफ पंजाब के दक्षिण में बनी हुई है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर हरियाणा की ओर खिसक गया है। इसके चलते अगले 24 घंटों में अत्यधिक बारिश की संभावना कम है लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। सीमावर्ती और उत्तरी जिलों के अलावा मोहाली, रूपनगर, जालंधर, कपूरथला, तरनतारन और शहीद भगत सिंह नगर के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण भाखड़ा और पोंग डैम में पानी की आवक बनी हुई है। भाखड़ा डैम का जलस्तर 1599.08 फीट दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 1680 फीट से करीब 81 फीट नीचे है। डैम में 39,785 क्यूसेक पानी की आवक और 24,495 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, पोंग डैम का जलस्तर 1338.15 फीट है, जो खतरे के निशान 1390 फीट से करीब 52 फीट नीचे है। इसमें 60,288 क्यूसेक पानी की आवक और 9,991 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दोनों डैम फिलहाल सुरक्षित स्तर पर हैं।
बारिश के बावजूद उमस होने से बिजली की मांग बढ़ गई है। गुरुवार को राज्य में बिजली की अधिकतम मांग 14,550 मेगावाट दर्ज की गई। इसमें 4,906 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया गया, जबकि 9,687 मेगावाट बिजली केंद्रीय पूल से प्राप्त की गई। बिजली ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 50.02 हर्ट्ज दर्ज की गई, जो सामान्य स्तर पर मानी जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित