चंडीगढ़ , अगस्त 19 -- पंजाब के परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की नागरिक-केंद्रित और सुगम सेवाएं उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता के चलते परिवहन विभाग ने ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) सेवाओं में लंबित मामलों की दर को 0.36 प्रतिशत तक सीमितकर दिया है। विभाग में लंबित मामलों का आंकड़ा एक प्रतिशत से भी कम है।
श्री चीमा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय प्रदर्शन समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। बैठक में पंजाब पारदर्शिता और जवाबदेही अधिनियम, 2018 के तहत अधिसूचित 12 प्रमुख जनसेवाओं की समीक्षा की गई। बैठक में राज्य परिवहन आयुक्त परनीत शेरगिल के अलावा पंजाब भर के उपमंडल मजिस्ट्रेट-कम-लाइसेंसिंग एवं रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शामिल हुए।
परिवहन मंत्री ने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार नागरिकों को बिना अनावश्यक प्रशासनिक अड़चनों के प्रभावी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि एक जनवरी से 17 अगस्त 2026 के बीच परिवहन विभाग को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट से संबंधित 15,55,958 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से केवल 3,673 मामले निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित रहे, जिससे आरसी सेवाओं में लंबित मामलों की दर महज 0.24 प्रतिशत रही। इसी अवधि में ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित 2,71,146 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से केवल 2,871 मामले निर्धारित समय सीमा के बाद लंबित रहे। इस प्रकार डीएल सेवाओं में लंबित मामलों की दर 1.06 प्रतिशतदर्ज की गयी।
श्री चीमा ने बताया कि डीएल और आरसी सेवाओं को मिलाकर इस अवधि में कुल 18,27,104 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से केवल 6,544 मामले निर्धारित समय सीमा के बाद लंबित थे। इस तरह दोनों सेवाओं में संयुक्त लंबित दर केवल 0.36 प्रतिशत रही।
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को विभाग की मौजूदा दक्षता को बनाये रखने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। उन्होंने लाइसेंसिंग एवं रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर मामलों की सख्त निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये, ताकि नागरिकों को पारदर्शी, समयबद्ध और परेशानी मुक्त प्रशासनिक सेवाएं मिलती रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित