अलवर , अक्टूबर 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पंजाब-जम्मू कश्मीर प्रभारी डॉ.सतीश पूनियां ने कहा है कि पंजाब में जनता अब भाजपा को एक राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रही है।
डॉ पूनियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत रविवार को अलवर में आयोजित वॉकथॉन में युवाओं से संवाद के अवसर पर पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों पर मीडिया के सवाल के जवाब में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नशा, अपराध और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर जनता में असंतोष है, जबकि कांग्रेस आंतरिक विभाजन से जूझ रही है। ऐसे में कांग्रेस के राजनीतिक पुनर्जीवन की संभावना नजर नहीं आती।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब कभी खुशहाली, समृद्धि, खेल प्रतिभाओं, कृषि शक्ति और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के लिए जाना जाता था। पंजाब की यह पहचान आज भी कायम है लेकिन नशे की समस्या ने प्रदेश की एक अलग और चिंताजनक तस्वीर भी सामने रखी है। नशे ने अनेक परिवारों को प्रभावित किया है और कई परिवार पूरी तरह बर्बाद भी हुए हैं।
उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी का नेटवर्क देश के दूसरे हिस्सों तक भी फैल रहा है। इसलिए नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल किसी एक राज्य की समस्या मानकर नहीं चलाया जा सकता। डॉ पूनियां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशे की समस्या को लेकर लगातार चिंता व्यक्त की है। विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए देश को नशामुक्त बनाना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने पंजाब में पहली बार नशे के खिलाफ सीधे तौर पर व्यापक अभियान चलाया। 18 से 30 सितंबर तक प्रदेश में करीब चार हजार किलोमीटर की चार यात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं के माध्यम से पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ जनजागरण और जनमत तैयार करना था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब को 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया है। भाजपा इसी दिशा में संगठन और समाज के स्तर पर काम कर रही है।
डॉ पूनियां ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में नशा, अपराध और भ्रष्टाचार तीन प्रमुख मुद्दे हैं। इन मुद्दों को लेकर जनता में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है और भाजपा एक राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में अपने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर रही है। पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि चुनाव जीतकर प्रदेश में बेहतर शासन व्यवस्था स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर निवेश बढ़ाने, रोजगार के अवसर पैदा करने, कानून-व्यवस्था मजबूत करने, नशे पर प्रभावी नियंत्रण और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन को प्राथमिकता दी जाएगी।
श्री पूनियां ने पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान के दौरान सामने आए अनुभव साझा करते हुए कहा कि नशे की समस्या कितनी भयावह है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक परिवार में एक मां के पांचों बेटे नशे के कारण दुनिया से चले गए। एक अन्य मामले में नशे के लिए बेटे ने अपनी ही मां को गोली मार दी। ऐसी घटनाएं सुनकर मन में पीड़ा और वेदना होती है।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं है। इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए नशे के खिलाफ लड़ाई में सरकार के साथ समाज, परिवार और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित