श्रीगंगानगर , मई 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के करीब आधे भू-भाग को सिंचित और पेयजल आपूर्ति करने वाली गंगनहर में पिछले हफ्ते पंजाब में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हजारों की संख्या में मृत मुर्गी-मुर्गियों को बहा देने की घटना के मामले में अब जल संसाधन विभाग लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने के आरोप में मामला दर्ज करवा रहा है।
जिला कलेक्टर डॉ अमित यादव ने आज बताया कि पिछले हफ्ते किसान संगठनों द्वारा यह मामला संज्ञान में लाये जाने पर उन्होंने तुरंत ही पंजाब के मुक्तसर जिले के उपायुक्त से बात की थी। उनको पत्र भी लिखा है। उनसे आग्रह किया गया कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति को न केवल रोका जाये बल्कि ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ हो वहां के संबंधित थाने में मामला भी दर्ज करवाया जाये।
डाॅ यादव ने बताया कि जब इस मामले का पता चला तो उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को पंजाब जाकर वस्तुस्थिति का पता लगाने के निर्देश दिए थे। इस संबंध में आगे क्या कार्रवाई हुई, अभी उनकी जानकारी में नहीं है। उन्होंने कहा कि चार-पांच दिन बाद भी पंजाब से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं होने पर अब श्रीगंगानगर जिले के थाने में ममला दर्ज करवाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित