चंडीगढ़ , अक्टूबर 12 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से तत्काल इस्तीफे की मांग की है।

उन्होंने कहा कि तरनतारन में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) इकबाल सिंह की दिनदहाड़े हत्या राज्य में बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था का ताजा उदाहरण है। श्री ढिल्लों ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास है और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी राज्य सरकार की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों पर लगातार हो रहे हमले उनके मनोबल को प्रभावित कर रहे हैं और जमीनी स्तर पर तैनात कर्मी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

श्री ढिल्लों ने दावा किया कि पिछले सात महीनों में चार एएसआई और एक होमगार्ड जवान की हत्या हुई है, जबकि दो एएसआई पर जानलेवा हमले किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगस्टर सोशल मीडिया पर खुलेआम पोस्ट डालकर हत्याओं और हमलों की जिम्मेदारी ले रहे हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

भाजपा नेता ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए गैंगस्टरों को पंजाब छोड़ने या कार्रवाई का सामना करने संबंधी पहले किए गए दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राज्य की सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान देने के बजाय अन्य गतिविधियों में व्यस्त हैं। उन्हाेंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर सीधे हमले राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं और सरकार को इन घटनाओं की जिम्मेदारी लेते हुए कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित