चंडीगढ़ , अक्टूबर 26 -- कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य में स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी है और माफिया का बोलबाला है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं और राज्य में शांति का माहौल बहाल होना चाहिए।

श्री वेणुगोपाल ने सोमवार को पंजाब कांग्रेस भवन में भगवान वाल्मीकि के प्रकट दिवस पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद कहा कि कांग्रेस पंजाब में सभी बुराइयों को समाप्त करने और शांति बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी को पूरा विश्वास है कि वह राज्य में अगली सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने भगवान वाल्मीकि के प्रकट दिवस पर पंजाब और देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।

इस बीच, कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता पूरे दिन संगठनात्मक मामलों और चुनावी तैयारियों पर चर्चा कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक दल के नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पदाधिकारियों और अन्य वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक लिया जा रहा है।

श्री पायलट ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी चार नवंबर को पंजाब के संगरूर जिले में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली को 'हिसाब मांगो' रैली के रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री गांधी का पंजाब के लोगों से गहरा जुड़ाव है और उनकी रैली से पार्टी के चुनाव अभियान को नई दिशा मिलेगी।

श्री पायलट ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि सरकार स्थिति पर नियंत्रण रखने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग शांतिपूर्ण माहौल चाहते हैं और कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच उठाएगी। पार्टी आने वाले समय में ब्लॉक, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित