चंडीगढ़ , अक्टूबर 05 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना ने राज्य में गोलीबारी, फिरौती और झपटमारी की घटनाओं का हवाला देते हुए भगवंत मान सरकार में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये हैं।
श्री खन्ना ने सोमवार को जारी बयान में अमृतसर में ड्यूटी से घर लौट रहे राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सहायक उपनिरीक्षक सुखचैन सिंह पर मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों द्वारा गोली चलाये जाने की घटना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि श्री गोइंदवाल साहिब में एक कारोबारी से कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगे जाने और मांग पूरी नहीं होने पर उसके घर के बाहर गोलीबारी की घटना भी चिंताजनक है। उन्होंने खरड़ क्षेत्र में महिला से झपटमारी की घटना काभी उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं से आम लोगों और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते हैं। खन्ना ने सरकार से इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और पीड़ितों को न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को कानून-व्यवस्था के संबंध में उठाये जा रहे ठोस कदमों के बारे में जनता को बताना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित