चंडीगढ़ , अगस्त 14 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि राज्य की कानून-व्यवस्था तेजी से बिगड़ रही है और आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारी एवं कारोबारी भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

श्री ढिल्लों ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि पंजाब के विभिन्न हिस्सों से लगभग रोजाना गोलीबारी, दिनदहाड़े हत्याओं, लूटपाट और फिरौती की कॉल की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है।

भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जब राज्य के किसी न किसी हिस्से में गंभीर अपराध की घटना सामने न आती हो। उनके अनुसार, लगातार बढ़ रहे भय के माहौल का असर आम लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था और निवेश की संभावनाओं पर भी पड़ रहा है।

श्री ढिल्लों ने श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के अमृतसर स्थित आवास के बाहर हाल में हुई फायरिंग की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस घटना ने सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब प्रमुख धार्मिक हस्तियां अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं, तो आम पंजाबी खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकते हैं।

सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार राज्य की आंतरिक सुरक्षा की अनदेखी कर दिल्ली में अपने राजनीतिक नेतृत्व को खुश करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि पंजाब को खोखले विज्ञापनों और केवल मौखिक आश्वासनों की नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सख्त, निर्णायक और प्रभावी शासन की जरूरत है। ढिल्लों ने दावा किया कि राज्य में अपराध पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए केवल भाजपा सरकार ही कड़े कदम उठा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित