लुधियाना , अक्टूबर 13 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव रजनीश धीमान ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल इस मुद्दे पर दोहरा रुख अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में मतदाता सूची पर आपत्ति नहीं जताने वाले ये दल दिल्ली में एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
श्री धीमान ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि पंजाब में प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची पर कांग्रेस, आप और शिरोमणि अकाली दल के प्रतिनिधियों ने संतुष्टि जताई है। उनके अनुसार, कांग्रेस नेता हरदीप किंगरा, आप नेता फेरी सोफ और अकाली दल के नेता अर्शदीप सिंह क्लेर ने मीडिया से बातचीत के दौरान निर्वाचन आयोग को प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी करने के लिए धन्यवाद दिया।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में अंतिम मतदाता सूची को लेकर इन दलों के प्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया दिल्ली में एसआईआर पर जारी राजनीतिक विरोध से अलग है। उन्होंने इसे आप और कांग्रेस की राजनीति बताते हुए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली का समर्थन किया।
श्री धीमान के बयान के अनुसार, सोमवार को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में पंजाब के 117 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,01,00,727 मतदाता दर्ज हैं। जून में पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू होने से पहले यह संख्या 2,14,61,043 थी। इस तरह शुरुआती आंकड़े की तुलना में लगभग 13.60 लाख मतदाताओं की कमी दर्ज की गई।
बयान में मतदाताओं की संख्या में कमी के कारणों में मृत्यु, स्थायी पलायन, मतदाताओं का पता नहीं चलना, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज दोहरी प्रविष्टियों को हटाना और अन्य बदलाव शामिल बताए गए हैं। इस दौरान नए मतदाताओं के नाम भी सूची में जोड़े गए। 13 अगस्त को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में 1,93,94,435 मतदाता दर्ज थे। अंतिम सूची में मसौदा सूची की तुलना में 3.64 प्रतिशत वृद्धि हुई है। इस अवधि में 7,97,263 नए मतदाता पंजीकृत किये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित