अबोहर , जून 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि राज्य में सत्तारूढ़ सरकार की 'उल्टी गिनती' शुरू हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बनाएगी।

अबोहर में आयोजित विशाल ओबीसी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सैनी ने कहा कि हालिया नगर निगम चुनावों में भाजपा की सफलता पंजाबकी राजनीति में बदलाव का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो राज्य में नशा तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जाएगी। सम्मेलन में हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

श्री सैनी ने पंजाब सरकार के 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान को विफल बताया और कहा कि सरकार केवल प्रचार और नारों तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को यह एहसास हो चुका है कि अगले चुनाव के बाद उसकी सत्ता नहीं बचेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सत्ता जाने से पहले राज्य को लूटने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की ईमानदारी की छवि भी अब सवालों के घेरे में है।

मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के रोजगार संबंधी दावों पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि जहां पंजाब सरकार पांच वर्षों में 65 हजार नौकरियां देने की बात कर रही है। हरियाणा सरकार ने पिछले एक वर्ष में ही 55 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अबोहर नगर निगम की उपेक्षा की गयी है और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं कराई गयी।

श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा कि ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देना और शिक्षा में 27 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना ऐतिहासिक फैसले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ओबीसी समाज को केवल वोट बैंक नहीं माना, बल्कि नेतृत्व के अवसर भी दिये हैं। उन्होंने ओबीसी समाज से भाजपा को मजबूत करने और पंजाब में पार्टी के विस्तार में योगदान देने की अपील की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पंजाब के कई क्षेत्रों में युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की समस्या गंभीर है। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और भाजपा ही राज्य को नशे की समस्या से बाहर निकालने में सक्षम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित