चंडीगढ़ , अप्रैल 24 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शुक्रवार को, आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि इससे जहां पंजाब में पार्टी को मजबूती मिलेगी, वहीं यह देश में सबसे कम समय सक्रिय रही आम आदमी पार्टी के पतनकी शुरुआत है।

इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किये गये अपने संदेश में श्री जाखड़ ने लिखा, "आप के डूबते जहाज को समय रहते छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में आए सभी सांसदों का हार्दिक स्वागत है। आप के खराब शासन, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति के कारण जहां पंजाब के लोगों का इस पार्टी से मोहभंग हो चुका है, वहीं पार्टी द्वारा जनहितों का त्याग करने के बाद इसके अंदर के अच्छे लोग भी इसे छोड़ने के लिए मजबूर हो रहे हैं।"भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अपनी गलत नीतियों के कारण पंजाब की आप सरकार लोगों के दिलों से दूर हो चुकी है। इस अनुभवहीन सरकार के कारण आज राज्य में असुरक्षा और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुके हैं। लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। गैंगस्टरवाद और नशा हमारी युवा पीढ़ी को निगल रहे हैं। जबकि आप में रिमोट कंट्रोल की व्यवस्था अच्छे लोगों को काम नहीं करने देती और पूरा नियंत्रण एक ही केंद्रसे चलाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित