चंडीगढ़ , अप्रैल 06 -- पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस ने पीआईओ (भारतीय मूल के व्यक्तियों) द्वारा संचालित आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और एक विदेशी निर्मित ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गई है। ग्रेनेड पर पीओएफ (पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री) की मार्किंग है, जो सीमा पार संबंधों की ओर इशारा करती है। उन्होंने कहा कि गुजरात एटीएस के साथ एक समन्वित अभियान में एक आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया है।
डीजीपी यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह मॉड्यूल कई राज्यों में पुलिस प्रतिष्ठानों को व्यवस्थित रूप से निशाना बनाने में शामिल था, जिसे अब सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान करने, उनका पता लगाने और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित