चंडीगढ़ , अक्टूबर 09 -- पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक अनुसूचित जाति के 71 लाभार्थियों को ऋण और सब्सिडी के रूप में 1.52 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है।

सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने शुक्रवार को बताया कि यह सहायता पंजाब अनुसूचित जाति भूमि विकास एवं वित्त निगम की विभिन्न योजनाओं के तहत दी गयी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे आय के स्थायी साधन विकसित कर सकें और अपने परिवारों का जीवन स्तर सुधार सकें।

डॉ. कौर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि लाभार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाकर उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जीने के लिए सक्षम बनाना भी है। उन्होंने कहा कि वंचित वर्गों का आर्थिक सशक्तीकरण और उन्हें विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित