चंडीगढ़ , अक्टूबर 07 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव अनिल सरीन ने राज्य में अधूरे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठ रहे हैं।
श्री सरीन ने बुधवार को कहा कि पंजाब सरकार ने 40,000 किलोमीटर सड़कों के निर्माण और मरम्मत के दावे किये थे, लेकिन अब तक करीब 18,000 किलोमीटर पर ही काम पूरा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और मंडी बोर्ड द्वारा शुरू किये गये करीब 50 प्रतिशत सड़क कार्य ही पूरे हो सके हैं, जबकि शेष अधूरे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि मोहाली जिले के माजरी ब्लॉक की कई सड़कों पर करीब पांच महीने पहले गिट्टी डाल दी गयी थी, लेकिन अब तक प्रीमिक्स नहीं डाला गया, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है।
भाजपा नेता ने सवाल किया कि स्वीकृत धनराशि समय पर जारी क्यों नहीं की गयी और क्या सरकार ने सड़क परियोजनाएं शुरू करने से पहले आवश्यक धन तथा निर्माण सामग्री की लागत का आकलन नहीं किया था। उन्होंने सरकार से अधूरे कार्य पूरे होने की समयसीमा बताने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि समय पर पूरी और गुणवत्तापूर्ण सड़कें चाहिए। उन्होंने सरकार से आवश्यक धनराशि तत्काल जारी कर लंबित कार्य पूरे कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित