चंडीगढ़/एस.ए.एस. नगर , अप्रैल 24 -- पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने शुक्रवार को पंजाब मंडी बोर्ड में आठ उम्मीदवारों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपे।
श्री खुड्डियां ने बताया कि ये नियुक्तियां पंजाब सरकार की उस नीति के तहत की गई हैं, जिसके अंतर्गत मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को रोजगार प्रदान किया जाता है, ताकि उन्हें कम से कम समय में आर्थिक और सामाजिक सहायता मिल सके। नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ केवल मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान कर रही है और अब तक 65,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने उम्मीदवारों को अपनी जिम्मेदारियां ईमानदारी, लगन और समर्पण के साथ निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि यह कदम प्रभावित परिवारों के लिए बड़ा सहारा साबित होगा और ये युवा अब पंजाब मंडी बोर्ड के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस मौके पर पंजाब मंडी बोर्ड केअध्यक्ष हरचंद सिंह बरसट भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित