नयी दिल्ली , जून 06 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से यहां उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ दिल्ली सरकार में पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान श्री ढिल्लों ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों के आश्रितों के लिए दिल्ली सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में अनुकंपा नियुक्ति संबंधी नियमों को सरल और उदार बनाने के फैसले पर श्रीमती गुप्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता में दी गयी छूट तथा ऐसे मामलों में, जहां मूल आश्रित की आयु 50 वर्ष से अधिक हो चुकी है, परिवार की अगली पीढ़ी के सदस्य को नौकरी के लिए नामित करने की व्यवस्था की सराहना की।

श्री ढिल्लों ने कहा कि यह फैसला 1984 दंगा प्रभावित परिवारों को लंबे समय से प्रतीक्षित न्याय और सम्मान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ऐतिहासिक पीड़ाओं के प्रति संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बैठक के दौरान श्री ढिल्लों ने पंजाब के विकास, सामाजिक सौहार्द और सुशासन को लेकर अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह का शासन मॉडल आज भी पंजाब के लिए प्रेरणा का स्रोत है और राज्य के भविष्य के लिए आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि महाराजा रणजीत सिंह के न्याय, समावेशिता और सुशासन के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाने के लिए उन्होंने अपने कार्यालय में उनका चित्र भी स्थापित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित