चंडीगढ़ , अगस्त 21 -- शिरोमणि अकाली दल (पुनर-सुरजीत) के मुख्य प्रवक्ता एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष करनैल सिंह पीर मोहम्मद और मीडिया प्रभारी तेजिंदर सिंह पन्नू ने शुक्रवार को कौमी इंसाफ मोर्चा के आह्वान पर आयोजित पंजाब बंद को व्यापक समर्थन देने के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया है।

दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि विभिन्न पंथक संगठनों के समर्थन से शुक्रवार को पंजाब के माझा, मालवा और दोआबा क्षेत्रों के प्रमुख शहरों के अलावा कस्बों और गांवों में भी बंद का व्यापक असर देखने को मिला। दुकानदारों, व्यापारियों और छोटे कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद के आह्वान का समर्थन किया। बंद दोपहर बाद दो बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल (पुनर-सुरजीत) के अध्यक्ष और श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी हरप्रीत सिंह के निर्देशों के अनुसार पार्टी के जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पंजाब बंद को पूरा सहयोग दिया।

पीर मोहम्मद और पन्नू ने कहा कि बंद के दौरान पंथक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आम लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखा। मरीजों, एंबुलेंस तथा स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में परीक्षाएं देने जा रहे विद्यार्थियों के लिए रास्ता उपलब्ध कराया गया और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने बंद के कारण नागरिकों को हुई असुविधा पर खेद भी व्यक्त किया। उन्होंने दावा किया कि बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, निहंग सिंह संगठनों, दमदमी टकसाल, ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन की विभिन्न इकाइयों, किसान संगठनों तथा शिरोमणि अकाली दल के विभिन्न धड़ों सहित अनेक संगठनों का समर्थन प्राप्त हुआ।

दोनों नेताओं ने कहा कि बंद की प्रमुख मांगों में बंदी सिंहों की रिहाई शामिल है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से भारतीय कानून के अनुसार अपनी सजा पूरी कर चुके सभी बंदी सिंहों को तत्काल रिहा करने की मांग की। उन्होंने पंजाबवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि पंजाब के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए भविष्य में भी सभी को इसी तरह एकजुट होकर आगे आना चाहिए। प्रेस के लिए यह बयान पार्टी के मीडिया प्रभारी तेजिंदर सिंह पन्नू ने जारी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित