चंडीगढ़ , फरवरी 14 -- पंजाब पुलिस ने 'गैंगस्टर ते वार' अभियान के तहत शनिवार को राज्य भर में गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े चिह्नित स्थानों पर 702 छापे मार कर 232 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से तीन हथियार बरामद किये, जिससे अभियान शुरू होने के बाद से कुल गिरफ्तारियों की संख्या 9244 हो गयी।
उल्लेखनीय है कि पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने 20 जनवरी, 2026 को 'गैंगस्टर ते वार' नामक निर्णायक युद्ध की शुरुआत की थी। पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष अभियान चला रही हैं।
पुलिस ने 89 व्यक्तियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की है, जबकि 165 व्यक्तियों की सत्यापन के बाद पूछताछ करके उन्हें रिहा कर दिया गया है। पुलिस टीमों ने इस अभियान के दौरान सात घोषित अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है।
इस बीच, पुलिस टीमों ने अपना नशा विरोधी अभियान 'युद्ध नशे विरुद्ध' 350वें दिन भी जारी रखा है। शनिवार को 96 नशीले पदार्थों के तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 3.1 किलोग्राम हेरोइन, सात किलोग्राम अफीम की भूसी, 640 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 58,050 रुपये बरामद किये गये। इसके साथ ही, मात्र 350 दिनों में गिरफ्तार किये गये नशीले पदार्थों के तस्करों की कुल संख्या 49,602 हो गयी है। नशामुक्ति अभियान के तहत, पंजाब पुलिस ने आज 41 लोगों को नशामुक्ति और पुनर्वास उपचार कराने के लिए राजी किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित