बठिंडा , अप्रैल 10 -- पंजाब पुलिस ने सोशल मिडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल भाभी के हत्यारे अमृतपाल सिंह महरोन को गिरफ्तार कर लिया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी। वह जून में कंचन कुमारी की हत्या के बाद से ही फरार था।
डीजीपी ने बताया, "एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बठिंडा पुलिस ने राज्य की काउंटर इंटेलिजेंस विंग की 'ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल' (ओएफटीईसी) और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से भगोड़े अपराधी अमृतपाल सिंह महरोन को गिरफ्तार कर लिया है।"पुलिस के अनुसार, 11 जून 2025 को आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पीड़िता का अपहरण किया और उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद उन्होंने शव को बठिंडा के आदेश अस्पताल में खड़ी एक कार में छोड़ दिया था। इस मामले में अमृतपाल के साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अमृतपाल अपराध के बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए देश छोड़कर भाग गया था।
पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर उसके पश्चिम एशिया में छिपे होने का पता लगाया। फिर उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की गयी। इसके बाद उसे वहां हिरासत में लेकर निर्वासिसत कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि अमृतपाल जैसे ही आज दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि संगठित अपराध और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति का सख्ती से पालन किया जा रहा है और वह राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित