चंडीगढ़ , जून 20 -- पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को कहा कि पुलिस की सफलता केवल वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव पर ही आधारित नहीं है, बल्कि युवा पुलिसकर्मियों की प्रतिबद्धता, साहस और मेहनत भी इसकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। पंश्री यादव ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि हजारों युवा पुलिसकर्मी राज्यभर में अग्रिम पंक्ति की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस हर परिस्थिति में अपराधियों से निपटने में सक्षम है और युवा कर्मियों की भागीदारी इस क्षमता को और अधिक सशक्त बना रही है।

पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब पुलिस में 29 वर्ष से कम आयु के कुल 8,231 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें 27 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 4,253 कर्मचारी तथा 27 वर्ष से कम आयु के 3,978 कर्मचारी शामिल हैं। यह युवा शक्ति पुलिस बल को आधुनिक तकनीक और नई कार्यशैली के साथ अपराध एवं गैंगस्टर गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण करने में मदद कर रही है।

रिकॉर्ड के मुताबिक 29 वर्ष से कम आयु के 6,666 कांस्टेबल, 973 सीनियर कांस्टेबल, 347 सब-इंस्पेक्टर और 186 हेड कांस्टेबल पंजाब पुलिस में सेवाएं दे रहे हैं। कुल 6,666 कांस्टेबलों में से 3,855 की आयु 20 से 26 वर्ष के बीच है, जबकि 1,198 कर्मचारी 29 वर्ष, 1,125 कर्मचारी 28 वर्ष और 488 कर्मचारी 27 वर्ष आयु वर्ग से संबंधित हैं।

श्री यादव ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा पुलिसकर्मियों की मौजूदगी पंजाब पुलिस को एक विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि अधिकांश युवा कर्मचारी थानों और फील्ड ड्यूटी में तैनात हैं, जहां वे सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों से मुकाबला करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे महिलाओं को बेहतर सेवाएं मिल रही हैं। इसके साथ ही राज्य के नागरिक पोर्टल की सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार किया गया है।

युवा पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में पंजाब सरकार ने 3,298 कांस्टेबल पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इन पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) एक जुलाई से आयोजित की जायेगी। नयी भर्ती से पंजाब पुलिस की अग्रिम पंक्ति और अधिक मजबूत होगी तथा राज्य के नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित