चंडीगढ़ , मई 29 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) की शानदार जीत को राज्य सरकार की विकास आधारित नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यों पर जनता की मुहर बताया है।

श्री मान ने कहा कि पंजाब की जनता ने नफरत, विभाजन और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह खारिज कर दिया है। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के लोगों ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने भाजपा को 'ईडी पार्टी' बताते हुए कहा कि पार्टी चुनावों में पांचवें स्थान पर पहुंच गयी है और कई स्थानों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी भाजपा से बेहतर प्रदर्शन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप को शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि धूरी विधानसभा क्षेत्र में आप ने 21 में से 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। गिद्दड़बाहा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के क्षेत्र में आप ने 19 में से 17 सीटें जीतीं, जबकि बरनाला में भाजपा का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा और वहां आप ने 50 में से 37 सीटों पर जीत हासिल की।

श्री मान ने कहा कि लोगों ने मुफ्त बिजली, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, आम आदमी क्लीनिक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, किसानों को दिन में बिजली और रोजगार जैसे मुद्दों पर आप सरकार के काम को सराहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता 'काम की राजनीति' को पसंद कर रही है और यही कारण है कि पार्टी को 90 प्रतिशत से अधिक सीटों पर जीत मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में पंचायत चुनावों, जालंधर लोकसभा उपचुनाव, विधानसभा उपचुनावों, जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में भी लोगों ने लगातार आप का समर्थन किया है। उन्होंने दावा किया कि यह जनसमर्थन 2027 विधानसभा चुनावों में और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी 2022 के अपने रिकॉर्ड को भी पार करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के हर शहर, कस्बे और गांव में बिना किसी भेदभाव के समान विकास सुनिश्चित करेगी। श्री मान ने कहा कि जनता के इस जनादेश ने सरकार को और अधिक जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा दी है।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हार के बाद कांग्रेस और अकाली दल हमेशा की तरह बहाने बना रहे हैं, जबकि उन्हें जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर विपक्षी दल उम्मीदवार तक नहीं ढूंढ पाये।

श्री मान ने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे की बदौलत यह ऐतिहासिक जीत संभव हुई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब की सेवा पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित