राजपुरा , अक्टूबर 01 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को कहा कि अपने औद्योगिक और व्यावसायिक अनुकूल माहौल के कारण राज्य देश का अगला व्यापारिक केंद्र बनकर उभरेगा।
नीदरलैंड आधारित बहुराष्ट्रीय कंपनी डी ह्यूज के पशु फ़ीड प्लांट का उद्घाटन करते हुए श्री मान ने कहा कि राज्य सरकार ने औद्योगिक प्रगति को बढ़ावा देने के लिए व्यापार में सरलता के कई महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में पंजाब के औद्योगिक सफर में उल्लेखनीय बदलाव आया है, जिससे इस क्षेत्र में तेज़ गति देखने को मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पंजाब औद्योगिक पावरहाउस बन गया है और फ़ूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, ऑटो कंपोनेंट, हैंड टूल्स, साइकिल, आई.टी., टूरिज़्म और अन्य क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका में है। उन्होंने कहा कि पंजाब की औद्योगिक प्रगति वास्तव में वैश्विक दृष्टि रखती है, क्योंकि राज्य की संभावनाओं को पहचानते हुए विश्व के कई निवेशक पंजाब की ओर रुख कर रहे हैं। श्री मान ने कहा कि पंजाब को अब तक 1.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे 4.7 लाख नौकरियों के अवसर पैदा होने की संभावना है। इससे पंजाब औद्योगिक प्रगति और नवाचार में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व और संतोष की बात है कि नेस्ले, क्लास, फ्रेडेनबर्ग, कारगिल, वर्बियो, डैनॉन और अन्य कई विश्व प्रसिद्ध कंपनियों ने पंजाब को अपने व्यवसाय के लिए चुना और यहां अपना संचालन शुरू किया, जिससे वे राज्य की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इन अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने पंजाब की संभावनाओं और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए राज्य द्वारा प्रदान किये गये अनुकूल माहौल को पहचाना है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की वैश्विक पहुंच स्पष्ट है क्योंकि जापान, अमेरिका, जर्मनी, इंग्लैंड, संयुक्त अरब अमीरात, स्विट्ज़रलैंड, फ्रांस, स्पेन और अन्य देशों से निवेश आ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों के कारण पंजाब ने 'व्यापार के लिए सरलता' के क्षेत्र में अग्रणी स्थान हासिल किया। पंजाब सरकार ने भारत का सबसे आधुनिक सिंगल विंडो सिस्टम 'फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल' लॉन्च किया है, जो व्यापार के लिए सभी सेवाओं को एक ही जगह उपलब्ध कराता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अब राज्य सरकार ने प्रमुख उद्योगपतियों की भागीदारी में विभिन्न श्रेणियों के व्यवसायों के लिए नीतियां बनाने हेतु 24 सेंट्रल कमिटियां स्थापित की हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि डी ह्यूज कंपनी ने पंजाब में 150 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे युवाओं के लिए नई नौकरी के अवसर खुलेंगे और राज्य को लंबी अवधि में लाभ होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य कंपनियां भी डी ह्यूज के मार्ग पर चलते हुए पंजाब को निवेश के लिए चुनेंगी। श्री मान ने कहा कि इस प्लांट की क्षमता 180 किलोटन है, जिसे 240 किलो टन तक बढ़ाया जा सकता है, क्योंकि कंपनी की वैश्विक स्तर पर पशुओं के फ़ीड निर्माण की कुल क्षमता 120 लाख टन है।
श्री मान ने कहा कि पंजाब में टाटा स्टील के बाद यह दूसरा बड़ा निवेश है। इसके अलावा वर्बियो, जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट, कारगिल, वर्धमान और ओसवाल ने भी राज्य में निवेश किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित