चंडीगढ़ , जनवरी 20 -- पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब मैदानी क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। इसके कारण मौसम विभाग ने मंगलवार रात से बुधवार तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने का अनुमान जताया गया है।
पंजाब में मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा और शीतलहर से कुछ राहत मिली। अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 2.9 से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सबसे कम तापमान अमृतसर में 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और संगरूर जिलों में घना कोहरा छाये रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में दृश्यता काफी कम हो सकती है। इससे पहले अमृतसर में दृश्यता शून्य और बठिंडा में 80 मीटर तक दर्ज की गयी।
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी से पहले ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी और कांगड़ा जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया। इन इलाकों में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह के अनुसार 22 और 24 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 23 जनवरी को कई इलाकों में बारिश का अनुमान है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित