चंडीगढ़ , सितंबर 09 -- पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून कमजोर पड़ गया है। बुधवार को पठानकोट, रूपनगर और होशियारपुर को छोड़कर राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश नहीं होने का अनुमान है। इन तीन जिलों में भी कुछ स्थानों पर ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। चंडीगढ़ में भी मौसम साफ रहने के आसार हैं। बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ सकता है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। यह सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। फरीदकोट में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मंगलवार को भी बारिश होने का अनुमान जताया गया था लेकिन कई इलाकों में बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश कराने वाली मानसून ट्रफ पंजाब के फिरोजपुर से होकर गुजर रही है। इससे वातावरण में नमी बनी हुई है लेकिन फिलहाल कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिससे पूरे पंजाब और चंडीगढ़ में अच्छी बारिश हो सके।
उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से पंजाब के कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ चुका है, जिससे पंजाब और चंडीगढ़ पर इसका सीधा प्रभाव कम हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, 14 सितंबर तक पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक और बिजली गिर सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित