चंडीगढ़ , अप्रैल 17 -- पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी ने अब तेज़ रफ्तार पकड़ ली है। कई इलाकों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है, जिससे लोगों को अप्रैल में ही जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। इसी बीच वेस्टर्न डिस्टरबेंस के पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय होने से मौसम में अचानक बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं।
मौसम विभाग ने 17 अप्रैल (शुक्रवार) के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत कुछ इलाकों में आंधी, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। खास तौर पर पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी देखने को मिल सकती है।
तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले दिन के मुकाबले इसमें 1.3 डिग्री का उछाल आया है और यह सामान्य से करीब 3.5 डिग्री अधिक हो गया है। सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 40.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ में पारा 38.1 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 2.8 डिग्री ज्यादा है।
गर्मी बढ़ने का असर बिजली खपत पर भी साफ दिख रहा है। राज्य में बिजली की मांग 7854 मेगावाट के पार पहुंच चुकी है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित