चंडीगढ़ , सितंबर 10 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने गुलजार सिंह के शव का कथित तौर पर परिवार की इच्छा के विरुद्ध अंतिम संस्कार कराये जाने को लेकर भगवंत मान सरकार की कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने इसे 'घोर असंवेदनशीलता' और 'जख्म पर नमक छिड़कने' जैसा करार दिया।
राजा वडिंग ने आरोप लगाया कि राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के कथित अपमानजनक व्यवहार के बाद गुलजार सिंह ने आत्महत्या की, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने परिवार की इच्छा के खिलाफ अंतिम संस्कार कराकर उसे और अपमानित किया। उन्होंने कहा कि एक ओर मंत्री पर गुलजार सिंह की आत्महत्या की परिस्थितियों के लिए जिम्मेदारी बनती है और दूसरी ओर मुख्यमंत्री पर परिवार के साथ कथित तौर पर किये गये व्यवहार की जिम्मेदारी है।
राजा वडिंग ने इसे दलित परिवार के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि इस घटना के राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव लंबे समय तक रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के लोग और विशेषकर दलित समाज इस घटना को नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि गुलजार सिंह के परिवार के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह राज्य प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित