चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- पंजाब राज्य खाद्य आयोग (पीएसएफसी) के अध्यक्ष बाल मुकंद शर्मा ने गुरुवार को कहा कि पंजाब अब केवल खाद्य सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने यह बात भोपाल में मध्य प्रदेश खाद्य आयोग द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में कही। 'राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए)-2013: प्रगति, चुनौतियां और आगे की राह' विषय पर आयोजित सम्मेलन में बाल मुकंद शर्मा ने पंजाब राज्य खाद्य आयोग की विभिन्न पहलों और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा तथा शिक्षा विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, ताकि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2025 में पंजाब राज्य खाद्य आयोग ने पोषण सुरक्षा विषय पर एक उच्च स्तरीय कार्यशाला आयोजित की थी, जिसमें कृषि, वन, आयुर्वेद सहित विभिन्न क्षेत्रों के 39 विशेषज्ञों ने भाग लिया था। इस कार्यशाला की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय खाद्य सचिव बी.सी. गुप्ता ने की थी, जिनके कार्यकाल में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 लागू किया गया था।
बाल मुकंद शर्मा ने कहा कि स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका पोषण सुरक्षा में बेहद महत्वपूर्ण है। आयोग की सिफारिशों के बाद शिक्षा विभाग ने मई 2025 में स्कूलों को पोषण उद्यान (न्यूट्रिशन गार्डन) विकसित करने के निर्देश दिये। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू), लुधियाना और बागवानी विभाग की तकनीकी सहायता से इन उद्यानों में 21 प्रकार के फलदार पौधों के साथ हर्बल गार्डन और सब्जी उद्यान विकसित किये जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिन आंगनवाड़ी केंद्रों के पास लगभग 1000 वर्ग फुट क्षेत्र उपलब्ध है, वहां पोषण वाटिकाएं (पोषण वटिका) स्थापित की जा रही हैं।
अध्यक्ष ने बताया कि आयोग के चारों सदस्यों को छह-छह जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। प्रत्येक सदस्य अपने जिले में एक स्कूल को मॉडल न्यूट्रिशन गार्डन के रूप में विकसित करेगा। इसके अलावा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत प्रवासी भारतीयों (एनआरआई) के सहयोग से स्कूलों में स्टेनलेस स्टील के वॉश बेसिन और डेस्क उपलब्ध कराने का प्रयास भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्कूलों में बच्चों के दंत स्वास्थ्य और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। वहीं, मिड-डे मील तैयार करने वाले रसोइयों और सहायकों को स्वच्छता, स्वास्थ्यकर भोजन और पोषण संबंधी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लोगों को पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक करने के लिए 'ईट राइट मेले' भी आयोजित किये जा रहे हैं।
सम्मेलन के दौरान बाल मुकंद शर्मा ने पंजाब राज्य खाद्य आयोग की पहलों और उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक भी नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ रमेश चंद को मध्य प्रदेश खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वी. के. मल्होत्रा की उपस्थिति में भेंट की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित