मोहाली , अगस्त 16 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उस समय बड़ा राजनीतिक बल मिला, जब मोहाली के मुल्लांपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मोहित जंड की प्रेरणा से बड़ी संख्या में युवा पार्टी में शामिल हुए।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इन युवाओं का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई।
श्री ढिल्लों ने कहा कि युवाओं ने पंजाब के सुनहरे और बेहतर भविष्य के लिए भाजपा में शामिल होकर सही रास्ता चुना है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी देश या राज्य की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। पंजाब के युवाओं में जिस तरह का जोश और मेहनत है, वैसा कहीं और देखने को नहीं मिलता, लेकिन वर्तमान समय में इस ऊर्जा को सही दिशा देने की जरूरत है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि 'आप' ने तीन महीने में नशा खत्म करने का दावा किया था, लेकिन आज पंजाब के हालात सबके सामने हैं। बेरोजगारी और नशे ने पंजाब की जवानी की कमर तोड़ दी है और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब को नशे के दलदल से बाहर निकालने के लिए भाजपा की सरकार ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के पास न तो सरकारी नौकरियों की कोई स्पष्ट नीति है और न ही निजी क्षेत्र के लिए प्रभावी योजना। सरकार का पूरा जोर केवल विज्ञापनबाजी पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब का उद्योग राज्य से बाहर जा रहा है, जबकि रोजगार के अवसर उद्योगों के माध्यम से ही पैदा किए जा सकते हैं।
हरियाणा का उदाहरण देते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि अकेला गुरुग्राम लाखों युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहा है और राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
श्री ढिल्लों ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद और किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के 'शिक्षा क्रांति' और 'स्वास्थ्य क्रांति' के दावे पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि स्कूलों और कॉलेजों में 31 हजार शिक्षकों के पद खाली हैं तथा 2,400 प्रोफेसरों की कमी है। इसी तरह राज्य में 16 मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा भी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब पर कर्ज बढ़कर करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये हो गया है।
श्री ढिल्लों ने जोर देकर कहा कि पंजाब को मौजूदा संकट से केवल भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार ही बाहर निकाल सकती है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि मजबूत, खुशहाल, नशामुक्त और रोजगारयुक्त पंजाब का निर्माण करना है।
उन्होंने पार्टी में शामिल हुए युवाओं को भरोसा दिलाया कि भाजपा उनकी मेहनत और क्षमता का पूरा सम्मान करेगी। उन्होंने युवाओं से आगे आकर जिम्मेदारियां संभालने तथा पंजाब की राजनीति में मजबूत भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू, पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, उपाध्यक्ष रणजीत सिंह गिल, वरिष्ठ नेता फतेहजंग सिंह बाजवा, मोहाली जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ, एन.के. वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित