चंडीगढ़ , अगस्त 22 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल चुटकुले सुनाकर टाइम पास कर रहे हैं। सैनी शनिवार को पटियाला जिले के घनौर में आयोजित तीज महोत्सव में पंजाब की महिलाओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने सवाल किया कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव के दौरान महिलाओं और युवाओं से किए वादों का क्या हुआ। सैनी ने कहा कि महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार का कार्यकाल पूरा होने को है और अब चुनाव नजदीक हैं। उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।

श्री सैनी ने कहा कि पंजाब की महिलाएं अब बदलाव के लिए तैयार हैं और भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी हैं। उन्होंने हरियाणा में महिलाओं के लिए 2100 रुपये मासिक सहायता, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मदद और गर्भवती महिलाओं को 6000 रुपये की सहायता जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर हरियाणा की तर्ज पर योजनाएं लागू की जाएंगी। किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद, फलों-सब्जियों के लिए भावांतर भरपाई योजना और युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची रोजगार देने का भी दावा किया। नशे के कारोबार पर सख्ती करने की बात भी कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित