अमृतसर , फरवरी 05 -- सांसद गुरजीत सिंह औजला ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार पर पंजाब विरोधी मानसिकता रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

श्री औजला ने यहां एक प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर उंगलियां उठा रही है, जबकि असली गद्दारी तो भाजपा नेतृत्व ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के साथ की, जिनका अंतिम संस्कार भी सम्मानजनक ढंग से नहीं किया गया। यह पूरे सिख समाज और पंजाब का अपमान था। श्री औजला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो बार पंजाब आये, लेकिन दोनों बार प्रदेश को कुछ दिये बिना खाली हाथ लौट गये। उन्होंने कहा कि श्री मोदी पंजाब के लिए एक भी बड़ी परियोजना की घोषणा नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि डेरा बल्लां में आये प्रधानमंत्री वहां विश्वविद्यालय या कॉलेज की घोषणा कर सकते थे, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा मिलती, लेकिन पंजाब को फिर निराशा ही मिली।

केन्द्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के मामले पर श्री औजला ने कहा कि श्री गांधी ने भावनात्मक रूप से उन्हें 'गद्दार दोस्त' कहा था, जिसे भाजपा तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। श्री बिट्टू स्वयं कहते रहे हैं कि उनकी पगड़ी और राजनीतिक पहचान श्री गांधी की देन है। कांग्रेस ने उनके परिवार को हमेशा सम्मान दिया, उनके दादा मुख्यमंत्री रहे, ताया मंत्री बने, बुआ को भी पूरा मान मिला और श्री बिट्टू को तीन बार लोकसभा टिकट दिया गया। परिवार जैसा रिश्ता छोड़कर जाने पर गुस्सा आना स्वाभाविक है।

श्री औजला ने कहा कि आज देश की हालत चिंताजनक है। सरकार की नीतियों के कारण भारत को विदेशी कंपनियों की मंडी बनाया जा रहा है। चीन की घुसपैठ जैसे गंभीर मुद्दों पर राहुल गांधी जवाब मांगते हैं, लेकिन उन्हें संसद में बोलने तक नहीं दिया जाता। यह लोकतंत्र का गला घोंटने के समान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित