चंडीगढ़ , सितंबर 28 -- पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोमवार को राज्य के विश्वविद्यालय परिसरों में हाल में हुई हिंसा की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कहा कि कुछ ही दिनों के भीतर दो निजी विश्वविद्यालयों में हुई घटनाओं में एक समान पैटर्न दिखाई देता है।
श्री वड़िंग ने कहा कि सरकार एक बार फिर घटनाक्रम से अनजान नजर आयी और अब तक हिंसा के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आयी है। कुछ ही दिनों के अंतराल में दो विश्वविद्यालय परिसरों में हुई हिंसा चिंताजनक है और यह राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है। दोनों परिसरों में छात्राओं से कथित दुष्कर्म और उनकी मौत से जुड़ी खबरों के बाद छात्रों में आक्रोश भड़का। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में कथित दुष्कर्म के दावे की पुलिस और विश्वविद्यालय की जांच में अब तक पुष्टि नहीं हुई है तथा मामले की जांच विशेष जांच दल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि केवल निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच से घटनाओं की वास्तविकता सामने आ सकती है। उन्होंने छात्रों की सुरक्षा, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का समाधान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में विश्वविद्यालय परिसरों में इस तरह की हिंसा उचित नहीं है, खासकर तब जब राज्य में विधानसभा चुनाव छह महीने से भी कम समय दूर हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित