चंडीगढ़ , अक्टूबर 06 -- पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर पंजाब और चंडीगढ़ के सभी नागरिकों को हार्दिक बधायी और शुभकामनायें दी हैं।
राज्यपाल ने महर्षि वाल्मीकि जी को महान ऋषि और कवि बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन और महान कृत्यों के माध्यम से शांति, सदाचार और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने यह भी कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी द्वारा रचित पवित्र महाकाव्य 'रामायण' न केवल आदर्श और सदाचारी जीवन का मार्गदर्शन करता है, बल्कि सार्वभौमिक मानवतावाद, न्याय और मानव जाति की एकता का मार्ग भी प्रशस्त करता है।
राज्यपाल ने महर्षि वाल्मीकि जी के समाज सुधारक और वंचित वर्गों के मसीहा के रूप में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और कमजोर वर्गों के कल्याण पर जोर दिया। उनके अद्वितीय कार्य और आदर्श आज भी समाज में प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित