चंडीगढ़ , अक्टूबर 19 -- पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने दशहरे के पावन अवसर पर पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सोमवार को अपने संदेश में श्री कटारिया ने कहा कि दशहरा, जिसे विजयादशमी भी कहा जाता है, बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में यह त्योहार देवी दुर्गा की महिषासुर पर विजय के रूप में, जबकि उत्तर और पश्चिम भारत में भगवान राम की रावण पर विजय के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें अहंकार और नकारात्मकता का त्याग कर एकता, प्रेम और सद्भाव की भावना अपनाने की प्रेरणा देता है। भगवान राम के आदर्श सिखाते हैं कि जीवन में कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद धर्म के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए।
श्री कटारिया ने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष का दशहरा लोगों को भगवान राम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देगा। उन्होंने सभी से मिलकर चुनौतियों का सामना करने और पंजाब तथा उसके लोगों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली नकारात्मक शक्तियों पर करुणा, प्रेम और भाईचारे की भावना की जीत होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित