चंडीगढ़ , मई 09 -- पंजाब के उद्योग एवं बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित आवास पर प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) की छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना औरंगजेब से करते हुए कहा कि मोदी ने बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर क़ब्ज़ा कर लिया है ।

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "जैसे ही बंगाल चुनाव ख़त्म हुए, मोदी जी ने पंजाब में रोज़ ईडी की रेड करना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ सालों में मोदी जी ने पंजाब के साथ बहुत धक्का किया है। पंजाबियों को तरह तरह से प्रताड़ित किया है। पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब यूनिवर्सिटी को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया और अब ईडी की ताबड़ तोड़ रेड शुरू कर दी।"श्री केजरीवाल ने कहा कि, "अशोक मित्तल के यहाँ रेड हुई, अगले दिन उनको बीजेपी में शामिल करवा लिया। इसका मतलब ईडी की रेड का मक़सद चोरी का पैसा ढूँढना नहीं था। केवल अशोक मित्तल को तोड़कर उन्हें भाजपा में शामिल करवाना था। कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहाँ भी रेड हुई। वो भाजपा में शामिल नहीं हुए तो उनके यहाँ फिर से रेड करवा दी। पंजाब गुरुओं की धरती है। कई सौ साल पहले औरंगज़ेब ने जुर्म और अत्याचार के ज़रिए देश के कई भागों पर क़ब्ज़ा कर लिया। मोदी जी ने भी बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर क़ब्ज़ा कर लिया है। उसके बाद औरंगज़ेब पंजाब पहुँचा। मोदी जी भी अब पंजाब पहुँचे हैं। औरंगज़ेब ने गुरुओं पर बहुत अत्याचार किए। मोदी जी भी पंजाबियों पर अत्याचार कर रहे हैं। पर गुरुओं ने कुर्बानी देकर औरंगज़ेब का सामना किया और लोगों को बचाया। आज गुरुओं की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर पंजाब मोदी जी के अत्याचार का सामना करेगा और पूरे देश को उनके अत्याचार से बचाएगा। कुछ वर्ष पहले मोदी जी ने पंजाब के किसानों को ललकारा था और उन्हें किसानों के आगे झुकना पड़ा। आज मोदी जी ने पूरे पंजाब को ललकारा है। "इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इसी प्रकार का बयान देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "आज फिर से भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में ये तीसरी बार उनके घर भाजपा की ईडी आई है। और पिछले एक महीने में दूसरी बार। फिर भी कुछ नहीं मिला है इनको। मैं मोदी जी को बताना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है औरंगजेब भी नहीं झुका सका था। ये भगत सिंह की धरती है जो अंग्रेजों के सामने कभी नहीं झुके, तो मोदी के इन हथकंडों के सामने पंजाब कभी नहीं झुकेगा। ईडी भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा।"वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी की रेड की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा हमारे मंत्रियों को लगातार बदनाम करने की कोशिश कर रही है। भाजपा सत्ता के नशे में आकर एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। यह भारतीय संविधान पर बहुत बड़ा हमला है।

आप विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा, भाजपा में औरंगज़ेब की रूह आ गई है, मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी द्वारा फिर छापा! अपना कारोबार स्थापित करके राजनीति में आए कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित निवास स्थान पर आज ईडी ने फिर छापेमारी की है, जबकि राजनीति का दुरुपयोग करके कारोबार बढ़ाने वालों को ईडी कभी निशाने पर नहीं लेती। अहंकार में अंधी हुई भाजपा को यह भ्रम है कि वह ईडी का खुलेआम दुरुपयोग करके डराकर आम आदमी पार्टी को झुका लेगी, लेकिन पंजाब के लोग भाजपा और उसकी धक्केशाही से डरेंगे नहीं, बल्कि मुंहतोड़ जवाब देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित