नयी दिल्ली , अक्टूबर 05 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के आवास पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में चार लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। एजेंसी ने रविवार को यह जानकारी दी।

इसमें हरियाणा के तीन और उत्तर प्रदेश के एक निवासी को आरोपी बनाया गया है। आरोप पत्र में अमरोहा (उप्र) का सैदुल अमीन और कुरुक्षेत्र (हरियाणा) का अभिजोत जांगड़ा, यमुनानगर (हरियाणा) का कुलबीर सिंह सिद्धू और करनाल (हरियाणा) का मनीष उर्फ काका राणा के नाम शामिल हैं। इनमें से दो आरोपी सैदुल और अभिजोत गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि कुलबीर और मनीष फरार चल रहे हैं। इन चारों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाये गये हैं।

विदित हो कि पंजाब के जालंधर में बने श्री कालिया के घर पर गत सात अप्रैल की रात को ग्रेनेड से हमला किया गया था। इस मामले की जांच 12 अप्रैल को एनआईए को सौंप दी गई थी।

एनआईए के मुताबिक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के एक सदस्य कुलबीर सिंह ने आरोपी मनीष के साथ मिलकर एक आतंकवादी गिरोह बनाने की साजिश रची। इनका मकसद पंजाब के बड़े-बड़े नेताओं को निशाना बनाकर आम लोगों में दहशत फैलाना और जबरन वसूली से अपने संगठन के लिए धन जुटाना था। इसके बाद मनीष ने सैदुल अमीन को भर्ती किया और उसने ही हमले वाली रात ग्रेनेड फेंका था। कुलबीर ने सैदुल को ग्रेनेड दिया और अभिजोत ने आतंकी काम के लिए धन मुहैया कराया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित