चंडीगढ़ , जून 24 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को बताया कि 10 जून को उनके द्वारा केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री को लिखे गये पत्र पर केंद्र सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब में खरीफ सीजन 2026 के लिए यूरिया और डीएपी उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होने की जानकारी दी है।
श्री ढिल्लों ने बताया कि रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की संयुक्त सचिव बंदना प्रयाशी ने 23 जून 2026 को भेजे पत्र में बताया कि पंजाब को 11.45 लाख टन यूरिया और 1.80 लाख टन डीएपी उपलब्ध करायी गयी है। यह मात्रा राज्य की क्रमशः 9.87 लाख टन और 1.11 लाख टन की आवश्यकता से अधिक है। पत्र के अनुसार पंजाब में वर्तमान में 4.27 लाख टन यूरिया और 98 हजार टन डीएपी का स्टॉक उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 36 हजार टन एनपीकेएस तथा 89 हजार टन एसएसपी भी उपलब्ध है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पंजाब के किसान उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि पत्र भेजे जाने के कुछ ही दिनों के भीतर केंद्र सरकार ने स्पष्ट और विस्तृत जवाब दिया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि उर्वरकों की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है।
श्री ढिल्लों ने चेतावनी देते हुए कहा कि उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत राज्य सरकारों को जमाखोरी, कालाबाजारी और अधिक कीमत वसूली रोकने के लिए पूर्ण अधिकार और जिम्मेदारी दी गयी है। यदि पंजाब के किसानों तक उर्वरकों की कमी पहुंचती है तो इसकी सीधी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की होगी।
पंजाब भाजपा ने राज्य सरकार से मांग की है कि खरीफ सीजन के चरम पर पहुंचने से पहले प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों में उर्वरकों की पारदर्शी, सुचारु और समयबद्ध वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित