चंडीगढ़ , मई 15 -- हरियाणा एवं पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ के भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) में पंजाब की स्थायी सदस्यता के अधिकार को खत्म करने के विरोध में शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने मोहाली से चंडीगढ़ कूच किया।
किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड लगाए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने पानी की बौछार कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। किसान गवर्नर हाउस का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे।
सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान मोहाली के फेज-8 स्थित नेचर पार्क में जुटने शुरू हो गए थे। किसान संगठनों का कहना है कि बीबीएमबी में पंजाब के अधिकारों को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारी किसानों पंजाब के पानी के मुद्दे का समाधान रिपेरियन और बेसिन सिद्धांत के आधार पर करने की मांग उठा रहे हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़ और पंजाब यूनिवर्सिटी को राज्य को सौंपने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित