चंडीगढ़ , अक्टूबर 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने पंजाबकी वित्तीय स्थिति पर चिंता जताते हुए दावा किया कि राज्य की 98 प्रतिशत से अधिक राजस्व प्राप्तियां वेतन, पेंशन, ब्याज भुगतान और बिजली सब्सिडी पर खर्च हो रही हैं।

उन्होंने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में विकास परियोजनाओं के लिए धन कहां से आएगा। श्री सांपला ने यहां जारी बयान में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल से विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब का राजस्व बढ़ाने के किये गये वादों पर जवाब मांगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकारी खजाने में पैसा नहीं होने के बावजूद मान सरकार बड़े मेलों पर भारी खर्च कर रही है।

श्री सांपला ने 'स्टेट ऑफ पंजाब: डेटा स्टोरी ऑफ 15 इयर्स' शीर्षक वाली रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पूछा कि यदि राजस्व का लगभग पूरा हिस्सा मौजूदा खर्चों पर ही लग रहा है, तो स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, बुनियादी ढांचे और रोजगार के नए अवसरों के लिए संसाधन कैसे जुटाए जाएंगे। उन्होंने पंजाब में स्नातक युवाओं की बेरोजगारी दर 2017-18 के 13.1 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 16.9 प्रतिशत होने का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य पर जवाब देना चाहिए।

भाजपा नेता ने राज्य सरकार से वित्तीय स्थिति पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार राजस्व बढ़ाने, खर्चों को तर्कसंगत बनाने और विकास परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने की अपनी योजना सार्वजनिक करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित