चंडीगढ़ , मई 06 -- पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब में लगातार हुए दो बम धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री का इस तरह का बयान बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला है।
श्री रंधावा ने बुधवार को कहा कि धमाकों को भाजपा की साजिश बताकर मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। इससे साफ है कि उन्होंने स्वयं स्वीकार कर लिया है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी सरकार पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान के विपरीत पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने इन धमाकों के पीछे पाकिस्तान कनेक्शन की ओर इशारा किया है। इससे साबित होता है कि मुख्यमंत्री पंजाब के मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं हैं और पुलिस अधिकारियों के साथ उनका कोई तालमेल नहीं है।
सांसद रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भाजपा और केंद्र सरकार पर बेहद गंभीर आरोप लगाये हैं कि चुनावी राज्यों में ऐसे धमाके करवाये जाते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस पर जवाब देना चाहिए कि क्या वास्तव में इन धमाकों के पीछे केंद्र या भाजपा की कोई भूमिका है, या यह केवल राजनीतिक ड्रामा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या इन मामलों में दर्ज एफआईआर में केंद्र सरकार का नाम शामिल किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री से रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके पर भी जवाब मांगा।
श्री रंधावा ने कहा कि यदि भाजपा सचमुच पंजाब चुनावों से पहले शांति भंग करने की कोशिश कर रही है, तो यह राज्य के लोगों के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून-व्यवस्था राज्य का विषय है, केंद्र का नहीं। मुख्यमंत्री को आंतरिक सुरक्षा मजबूत करने और सतर्कता बढ़ाने की बजाय केंद्र पर दोषारोपण नहीं करना चाहिए।
श्री रंधावा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब को बर्बादी की ओर धकेल रहे हैं और अब लोगों को अपनी सुरक्षा खुद सुनिश्चित करनी पड़ सकती है, क्योंकि सरकार कानून-व्यवस्था बनाये रखने में विफल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री की 'शुकराना यात्रा' पर भी तंज कसते हुए पूछा कि क्या यह पुरानी गलतियों का प्रायश्चित है या नयी गलतियों के लिए माफी मांगने की तैयारी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित