श्रीगंगानगर , जून 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले की पुलिस ने पंजाब की फरीदकोट जेल में करीब तीन वर्ष से बंद श्रीगंगानगर जिले के ही एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान त्रिलोक सिंह के रूप में हुई है। वह जेल में रहकर पंजाब से श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती रावला क्षेत्र तक हेरोइन तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। वह रावला का ही रहने वाला है। उसे पंजाब पुलिस ने तीन वर्ष पहले अपने भारी मात्रा में पकड़े गये मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने बताया कि 11 जून को कुलदीप सिंह से 402 ग्राम हेरोइन और हेरोइन बिक्री से मिले दो लाख रुपए बरामद किये गये थे। त्रिलोक सिंह रायसिख (37) कुलदीप सिंह का ही मामा है। उसे पुलिस ने अदालत से पेशी वारंट जारी करवा कर फरीदकोट जेल से गिरफ्तार किया है।

उससे पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने अपने घर में पशुओं के बाडे में जमीन में दफनाकर रखी बरामद हुई 402 ग्राम हेरोइन फरीदकोट जेल में रहते हुए पंजाब के ही किसी बड़े तस्कर गिरोह से भिजवाई थी। उसने काफी मात्रा में हेरोइन पंजाब से रावला भिजवाई थी, जिसका एक हिस्सा 402 ग्राम बरामद हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित