चंडीगढ़ , अप्रैल 28 -- पंजाब कांग्रेस के ओबीसी विभाग द्वारा मंगलवार को चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गयी, जिसमें सामाजिक भागीदारी, संगठन विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की गयी।

बैठक में 'जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी' के सिद्धांत को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, ओबीसी नेता, महिला मोर्चा की पदाधिकारी और विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ता शामिल हुये।

बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रदेश ओबीसी विभाग के प्रभारी एवं कांग्रेस ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष कंवर दीप सिंह सैनी ने कहा कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय से जुड़ी नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन भी उतना ही जरूरी है, जितना उनका निर्माण। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और संतुलन बनाये रखना आवश्यक है, ताकि सभी वर्गों को न्याय मिल सके। कांग्रेस पार्टी इसदिशा में अपनी प्रतिबद्धता लगातार दोहरा रही है।

बैठक में प्रदेश ओबीसी विभाग के अध्यक्ष राज बख्श कंबोज ने संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। इस मौके पर राष्ट्रीय ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह और पंजाब कांग्रेस के प्रवक्ता अमित बावा सैनी भी मौजूद रहे। उन्होंने सामाजिक समावेश और संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार साझा किये।

बैठक में आगामी चुनावों के मद्देनजर ओबीसी समुदाय की भागीदारी को और सशक्त बनाने, संगठन को बूथ स्तर तक विस्तार देने और विभिन्न वर्गों के साथ संवाद बढ़ाने पर भी चर्चा की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित